आजमगढ़ रंगदारी कांड: डॉक्टर ने बदमाश से छीनी पिस्तौल,लापरवाही पर पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
Extortion case: Doctor snatches pistol from criminal, policeman lines up for negligence

आजमगढ़। माहुल पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित नवनीत क्लिनिक के संचालक डॉ. वीरेंद्र प्रजापति पर रंगदारी वसूलने आए बदमाशों के हमले के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है।एसपी डॉ. अनिल कुमार ने घटना में लापरवाही बरतने पर माहुल चौकी प्रभारी सुधीर कुमार सिंह और बीट कांस्टेबल अंचल सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने का आदेश दिया है।घटना बीते गुरुवार की है, जब बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश क्लिनिक पर पहुंचे। उनमें से एक अंदर घुसकर डॉक्टर से दो लाख रुपये की रंगदारी की मांग करने लगा, जबकि दूसरा बाहर पहरा दे रहा था।डॉ. वीरेंद्र के इनकार करने पर बदमाश ने पिस्तौल की बट से उनके सिर पर वार कर घायल कर दिया। हालांकि डॉक्टर ने साहस दिखाते हुए बदमाश से संघर्ष किया और उसकी पिस्तौल छीन ली। इस दौरान आसपास के व्यापारियों ने भी मदद की, जिससे दोनों हमलावर हथियार छोड़कर मौके से फरार हो गए।घटना के बाद पुलिस की सुस्ती और ढिलाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। मामले की गंभीरता को समझते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।



