Mau News:धरौली स्थित सेंटनॉर्बेर्टस्कूल में गूंजा ‘सुरक्षा ही सम्मान’ का संदेश*छात्राओं ने सीखी आत्मरक्षा की ताकत।
घोसी।मऊ। घोसी के धरौली स्थित सेंट नॉर्बेर्ट स्कूल सोमवार को उस वक्त तालियों से गूंज उठा जब छात्राओं ने आत्मरक्षा के गुर सीखते हुए यह संदेश दिया कि “हम कमजोर नहीं, सजग हैं।”
मिशन शक्ति अभियान के पंचम चरण के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत महिला एसआई ऋचा सोनी ने छात्राओं से संवाद के साथ की। उन्होंने कहा कि हर लड़की के भीतर अपार शक्ति होती है, बस उसे पहचानने की जरूरत है। उन्होंने छात्राओं को बताया कि किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत 1090, 112, 181, या 1098 नंबर पर संपर्क करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज की छात्रा कल की सशक्त महिला है, और सजगता ही उसकी सबसे बड़ी ढाल है।
वहीं महिला कांस्टेबल आरती सरोज व रूपा ने आत्मरक्षा के व्यावहारिक टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि कैसे एक साधारण पेन या बैग भी आत्मरक्षा का साधन बन सकता है। छात्राओं ने उनके साथ आत्मरक्षा के कुछ स्टेप्स भी अभ्यास किए जिससे पूरा परिसर उत्साह और जोश से भर गया। साथ ही हेल्पलाइन के विषय में भी जानकारी दी।
महिला पुलिस टीम ने छात्राओं को सुरक्षा जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए और कहा कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के बाद छात्राओं ने कहा कि अब वे किसी भी परिस्थिति में खुद को असहाय नहीं मानतीं बल्कि आत्मविश्वास से भरी हैं।
विद्यालय की प्राचार्य फादर लीवनूस टेटे अध्यापक विनोद यादव, सुजीत कुमार और अध्यापिका लक्ष्मी कल्याणी, किरण श्रीवास्तव ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं को न केवल जागरूक बनाते हैं बल्कि उनमें आत्मसम्मान और हिम्मत का संचार भी करते हैं।



