Azamgarh News: बघावर गांव के ग्रामीणों ने अन्नपूर्णा भवन निर्माण कार्य के स्थगन को लेकर हरैया खंड विकास अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, लोगों के स्वास्थ्य पर बताया बड़ा खतरा

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के सगड़ी तहसील अंतर्गत हरैया ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत बघावर गांव के ग्रामीण सोमवार दोपहर को अन्नपूर्णा भवन निर्माण कार्य के स्थगन को लेकर हरैया खंड विकास अधिकारी कार्यालय पहुंचे । ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्रा के अनुपस्थिति में संबोधित यह ज्ञापन लिपिक को सौंपा । सूरज प्रताप सिंह का कहना है कि अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कार्य ऐसी जगह पर किया जा रहा है जहां पर ग्राम सभा का कूड़ा भवन पहले से ही संचालित हो रहा है यहां पर अन्न रखने पर लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ेगा । वही अभिनंदन का कहना है कि बघावर ग्राम सभा में ताहिरपुर, बघावर और बक्शीपुर तीन पूरवे हैं । जिस जगह अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है वह काफी दूर तथा सुनसान इलाके में है जिससे लोगों को अन्न लेने के लिए दूरी का सामना करना पड़ेगा । ग्रामीणों ने मांग किया कि अन्नपूर्णा भवन निर्माण कार्य को स्थगन कर उपयुक्त जगह निर्माण कार्य कराया जाए जिससे लोगों को समस्याओं का सामना न करना पड़े । इस संबंध में फोन वार्ता के माध्यम से खंड विकास अधिकारी जितेंद्र मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा अन्नपूर्णा भवन के निर्माण कार्य के मामले को लेकर ज्ञापन देने की सूचना मिली है । पूरे मामले की जांच कर समस्या का उचित समाधान किया जाएगा । इस अवसर पर रमेश यादव, अत्यानेंद्र सिंह, अरुण, पारस, जितेंद्र, हर्षित सहित अन्य लोग मौजूद रहे ।



