Azamgarh News: खेसारी समर्थकों पर आरोप:मनोज सिंह टाइगर को मिल रही सजा भुगतने’ की धमकी

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़।भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय हास्य कलाकार और ‘बतासा चाचा’ के नाम से मशहूर मनोज सिंह टाइगर ने सोमवार को जिले के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें अज्ञात लोगों द्वारा लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिनके खिलाफ उन्होंने तत्काल कार्रवाई की अपील की है।जमुहट, तहसील फूलपुर पवई निवासी मनोज सिंह टाइगर ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव में छपरा सीट से RJD उम्मीदवार और भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव की हार के बाद से उन्हें धमकी भरे फोन कॉल और वॉइस मैसेज मिल रहे हैं। उनका कहना है कि चुनाव प्रचार के दौरान खेसारी लाल यादव द्वारा राम मंदिर और सनातन धर्म पर की गई कथित टिप्पणियों का उन्होंने सोशल मीडिया पर विरोध किया था, जिसके कारण कुछ समर्थक उनसे नाराज हो गए।कलाकार के अनुसार, 15 नवंबर 2025 की रात से ही अज्ञात नंबरों से लगातार अभद्र भाषा में संदेश भेजे जा रहे हैं और धमकाया जा रहा है कि “चुनाव में खेसारी के खिलाफ बोलने की सजा जरूर मिलेगी”।मनोज सिंह टाइगर ने बताया कि उनका काम सार्वजनिक है और शूटिंग के सिलसिले में उन्हें लगातार यात्रा करनी पड़ती है, ऐसे में उन्हें किसी भी तरह के हमले का खतरा बना हुआ है।
उन्होंने एसपी से अनुरोध किया है कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि उनके और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।



