Azamgarh News: बिलरियागंज पुलिस द्वारा सजीव एक्सीडेंट डेमो, सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए यातायात माह 2025 के दौरान आज 22 नवंबर 2025 को जनपद आज़मगढ़ की यातायात पुलिस द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यकम में सजीव एक्सीडेंट डेमो (Live Accident Demonstration) प्रस्तुत कर वास्तविक सड़क दुर्घटना कैसे होती है और बचाव कैसे किया जा सकता है, इसकी व्यावहारिक जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री विवेक त्रिपाठी तथा क्षेत्राधिकारी यातायात श्री शुभम तोदी के कुशल निर्देशन में पटवट रोड, थाना बिलरियागंज पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने दुर्घटना की संभावित परिस्थितियों और कारणों को प्रदर्शित किया। एक्सीडेंट के बाद की अवस्था, प्रतिक्रिया, प्राथमिक उपचार की आवश्यकता तथा जीवन बचाने के उपायों को जनता ने प्रत्यक्ष रूप से देखा। प्रदर्शन ने दर्शकों को गहराई तक प्रभावित किया और सुरक्षा उपकरणों के महत्व को स्पष्ट रूप से समझाया।
मौके पर उपस्थित नागरिकों को हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने, सुरक्षित ड्राइविंग तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न केवल स्वयं के लिए बल्कि दूसरों के जीवन की रक्षा के लिए भी आवश्यक है।
कार्यक्रम में नागरिकों को निम्न नियमों का अनुपालन करने की अपील की गई कि वाहन चलाते समय हेलमेट/सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से पहनें।
नाबालिग व्यक्तियों को वाहन न चलाने दें,शराब पीकर वाहन न चलाएं,गति सीमा का पालन करें, ओवरस्पीडिंग न करें,ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करें,लेन ड्राइविंग का पूरी तरह पालन करें,ज़ेब्रा क्रॉसिंग पर पैदल यात्रियों को प्राथमिकता दें,ट्रैफिक सिग्नल व पुलिस निर्देशों का पालन करें।
बिलरियागंज पुलिस ने आमजन से अपील किया कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा है।



