Jabalpur news:हिल्टन गार्डन इन में बड़ा खुलासा: इंटरनेशनल ब्रांड के किचन में बासी खाना, वेज फ्रीजर में मिला चिकन

Hilton Garden Inn: Stale food found in international brand's kitchen, chicken found in veg freezer

जबलपुर। शहर के पहले अंतरराष्ट्रीय ब्रांडेड फाइव स्टार होटल हिल्टन गार्डन इन में जिला प्रशासन द्वारा किए गए आकस्मिक निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं। 101 कमरों और छह सुइट्स वाले इस प्रीमियम होटल को अजय सत्य प्रकाश हॉस्पिटैलिटी एलएलपी के साथ साझेदारी में विकसित किया गया है और इसे उच्च स्तरीय सुविधाओं एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के लिए प्रचारित किया जाता रहा है। लेकिन शुक्रवार को कार्यपालिक दंडाधिकारी रांझी मौसमी केवट के नेतृत्व में हुई जांच में किचन में तीन दिन पुरानी ग्रेवी, बासी कटा प्याज, एक दिन पहले गूंथा हुआ आटा और बिना एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थ मिले। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वेजिटेरियन फ्रीजर में चिकन रखा पाया गया, जिससे होटल के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया।

निरीक्षण में होटल के प्रमुख J Restaurant, जो इंटरनेशनल फूड परोसने का दावा करता है, में भी भारी खामियां मिलीं। बिना एक्सपायरी डेट वाली आइसक्रीम, दाल और मसाले, फूड स्टोर में घुन लगे सूखे आम और बिना लेबल के रसायन उपयोग में पाए गए। टीम ने मौके पर ही कई खराब खाद्य सामग्री का विनष्टिकरण कराया और ग्रेवी, पनीर व कटी प्याज के नमूने जांच के लिए भेजे। होटल के ट्रीटमेंट प्लांट में अप्रशिक्षित कर्मचारी कार्यरत मिले और कर्मचारियों को श्रम कानूनों के तहत ESIC व अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं करवाई जा रही थीं। यह सभी तथ्य होटल के प्रबंधन और गुणवत्ता नियंत्रण पर गहरे सवाल उठाते हैं।

सिर्फ खाद्य सामग्री ही नहीं, बल्कि सुरक्षा प्रबंधन में भी भारी लापरवाही सामने आई। होटल में कई जगह अग्निशमन यंत्र नहीं मिले, फायर फाइटिंग पैनल ऑटो मोड पर नहीं था और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता, आबकारी निरीक्षक आशीष जैन और पुलिस उप निरीक्षक नितिन पांडे शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि इन गंभीर अनियमितताओं के आधार पर हिल्टन गार्डन इन के खिलाफ प्रकरण तैयार किया जा रहा है और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button