Deoria news, राष्ट्रीय जमुरी मैं चमके सेंट जेवियर्स के स्काउट गाइड सम्मान समारोह में गुजे गर्व के स्वर
Deoria today news:
राष्ट्रीय जमूरी में चमके सेंट जेवियर्स के स्काउट गाइड्स,सम्मान समारोह में गूँजे गर्व के स्वर।
देवरिया । जनपद के सलेमपुर स्थानीय सेंट जेवियर्स स्कूल में आज बुधवार की सुबह तब गौरव से दमक उठा जब राष्ट्रीय जमूरी से लौटे स्काउट–गाइड कैडेट्स को भव्य सम्मान समारोह में मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रार्थना सभा के बीच जब बच्चों के कंधों पर मेडल चमके, तो पूरा विद्यालय परिसर तालियों से गूंज उठा और हर चेहरे पर गर्व की रौशनी फैल गई।
लखनऊ में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय जमूरी में विद्यालय के 18 स्काउट, 12 गाइड, एक स्काउट मास्टर और एक गाइड कैप्टन ने हिस्सा लेकर अपने प्रशिक्षकों भृग्वेंद्र कुमार सिंह और साधना गुप्ता के नेतृत्व में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस राष्ट्रीय आयोजन में भारत के सभी राज्यों सहित 7 देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसने बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अमूल्य अनुभव दिया।
जमूरी में बच्चों ने विभिन्न राज्यों व देशों की स्काउटिंग जीवनशैली को समझा, कठिन परिस्थितियों में जीने का अभ्यास किया और 2 दिवसीय ‘नाइट आउट’ के दौरान आत्मनिर्भरता, टीम भावना और साहस का असली पाठ सीखा।एडवेंचर गतिविधियों ने उनके आत्मविश्वास को नई ऊँचाइयों पर पहुंचा दिया।
इस भव्य आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समापन राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने किया। बच्चों के लिए राष्ट्रपति को निकट से देखना जीवनभर का अविस्मरणीय क्षण बन गया।
इस सम्मान समारोह में सेंट जेवियर्स सलेमपुर के मैनेजिंग डायरेक्टर अभिनव नाथ तिवारी ने बच्चों की उपलब्धियों पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे ये बच्चे केवल मेडल नहीं जीतकर आए हैं, बल्कि अपने भीतर अनुशासन, साहस, संवेदना और नेतृत्व की अमूल्य पूँजी लेकर लौटे हैं। हमारे विद्यालय की यह नई पीढ़ी राष्ट्र के भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। मैं हर बच्चे में भारत के उज्ज्वल कल की चमक देखता हूँ।
वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य वी.के. शुक्ल ने सम्मानित कैडेट्स को आशीर्वचन देते हुए कहा स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण की सबसे सुंदर साधना है। इन बच्चों ने कठिन परिस्थितियों में खुद को साबित किया है। इनकी यह यात्रा उन्हें जीवन की हर चुनौती में मजबूत बनाएगी। हमें अपने इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों पर अनोखा गर्व है।
मेडल पहनते ही बच्चों के चेहरे खुशी, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा से दमक उठे। पूरा विद्यालय श्रद्धा और गर्व से इन नन्हे वीरों के सम्मान में एकजुट दिखाई दिया।
आज सेंट जेवियर्स सलेमपुर का यह गौरव क्षण विद्यालय के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया-जहाँ बच्चों की प्रतिभा,प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और विद्यालय परिवार का आशीर्वाद एक साथ चमक उठा।



