Azamgarh News: मोबाइल टावर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग पर बड़ी कार्रवाई 17 आरोपियों पर गैंगेस्टर एक्ट

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के थाना गंभीरपुर पुलिस ने मोबाइल टावरों से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी करने वाले अंतरजनपदीय संगठित गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह गैंग आजमगढ़ के अलावा मऊ, गोरखपुर, मुज़फ्फरनगर और देवरिया जिलों में सक्रिय था। पुलिस जांच के दौरान इस गिरोह से इलेक्ट्रॉनिक आइटम, केबल तथा चोरी की गई तीन कारें सहित भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया था। गिरोह से जुड़े 13 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा चुका है। थाना गंभीरपुर में इस गैंग के खिलाफ मु.अ.सं. 346/2025, धारा 2(ख)(1)/3(1) उ.प्र. गिरोहबंद एवं समाजविरोधी क्रियाकलाप अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इन अभियुक्तों के विरुद्ध आजमगढ़ जिले में कुल 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
इधर, संबंधित मुकदमे में आरोपी सतीश यादव, निखिल उर्फ कृपाशंकर और रणविजय ने अपनी जमानत स्वयं निरस्त कराकर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। सभी 17 अभियुक्तों की जमानत एक-एक लाख रुपये के मुचलकों पर हुई थी। पुलिस जमानतदारों का सत्यापन कर रही है,कोई भी जमानतदार फर्जी पाया गया तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि गैंग के शेष सदस्य भी जल्द पकड़ लिये जायेंगे।



