आजमगढ़ में एंटी करप्शन की बड़ी कार्रवाई, राज्स्व निरीक्षक 5,000 रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
Major anti-corruption action in Azamgarh, revenue inspector arrested red-handed while accepting a bribe of Rs 5,000

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद में भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) आजमगढ़ इकाई ने शुक्रवार को मार्टिनगंज तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक जयप्रकाश यादव को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने यह कार्रवाई तहसील परिसर के प्रथम तल स्थित रिकार्ड रूम में दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में सफलतापूर्वक अंजाम दी। शिकायतकर्ता अबुशाद पुत्र आलमगीर, निवासी रसूलपुर तुंगी, थाना बरदह जनपद आज़मगढ़ ने एंटी करप्शन कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि नीलामी द्वारा आवंटित पोखरे के पट्टे की स्वीकृति आदेश कराने के नाम पर राजस्व निरीक्षक द्वारा 5,000 रुपये की अवैध धनराशि की मांग की जा रही है। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।योजना के तहत दोपहर लगभग 13:57 बजे जैसे ही आरोपी राजस्व निरीक्षक ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम स्वीकार की, एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर ही घेरकर पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वती नोट बरामद कर लिए गए। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस सफल कार्रवाई में ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार पासवान, निरीक्षक ब्रजेश द्विवेदी, निरीक्षक आनंद कुमार वर्मा, निरीक्षक संजय त्रिपाठी, उपनिरीक्षक मुहम्मद ताहिर हुसैन खान सहित एंटी करप्शन आजमगढ़ इकाई के अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।एंटी करप्शन की इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया है और आम लोगों में संतोष देखा जा रहा है कि भ्रष्टाचार पर सख्ती से अंकुश लगाया जा रहा है।


