Azamgarh News: पुलिस मुठभेड़ में शातिर चोर घायल, ₹3.50 लाख का चोरी का DJ सामान बरामद

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
मेंहनगर (आजमगढ़) थाना मेंहनगर पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के दौरान एक शातिर चोर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा तथा लगभग ₹3.50 लाख मूल्य का चोरी किया गया DJ साउंड सिस्टम बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 8/9 दिसंबर 2025 की रात ग्राम रहिला तितलियापार निवासी गौतम कुमार की DJ दुकान का शटर काटकर चोरों ने महंगे DJ उपकरण चोरी कर लिए थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त राजेश कुमार चोरी के सामान के साथ किसान जूनियर हाईस्कूल, अहिआई के पास मौजूद है।
पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी करने पर अभियुक्त ने पुलिस पर फायर कर दिया। आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु CHC मेंहनगर भेजा गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध चोरी, लूट व धोखाधड़ी के 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



