Azamgarh News: लापरवाही पर सख्त हुए डीएम, 4 सीडीपीओ का वेतन रोका, प्रतिकूल प्रविष्टि के आदेश

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण एवं जिला कन्वर्जेंस समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पोषण आहार वितरण, सैम/मैम बच्चों की स्थिति, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण एवं अन्य विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी सीडीपीओ की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा पोषण आहार का समयबद्ध वितरण कराया जाए। साथ ही पोषण आहार की मांग से संबंधित डिमांड समय से शासन को भेजने के निर्देश दिए। पवई एवं बिलरियागंज परियोजनाओं की विस्तृत एनालिसिस रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने को कहा गया।
सैम/मैम बच्चों की समीक्षा के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि जनवरी से अब तक कितने बच्चों को सैम/मैम की श्रेणी में चिन्हित किया गया और कितनों को उस श्रेणी से बाहर निकाला गया, इसकी संपूर्ण रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। एनआरसी में बच्चों की भर्ती के लिए निर्धारित रोस्टर के अनुसार लक्ष्य से कम भर्ती पाए जाने पर सीडीपीओ मिर्जापुर, लालगंज, मार्टिनगंज एवं फूलपुर का वेतन रोकने तथा प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश जारी किए गए।
आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की समीक्षा में कम प्रगति और विलंब पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने अगली बैठक में संपूर्ण रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों पर समय से वाल पेंटिंग न कराए जाने पर अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा घर-घर भ्रमण के दौरान गर्भवती महिलाओं को एनीमिया के प्रति जागरूक किया जाए तथा हरी सब्जियां, फल और गुड़ के सेवन के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कुपोषण व एनीमिया की समस्या से बचा जा सके।
इसके अलावा विभागीय पर्यवेक्षण में शिथिलता और सही सूचना उपलब्ध न कराने पर मुख्य विकास अधिकारी को जिला कार्यक्रम अधिकारी को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमाशरण पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक सहित सभी सीडीपीओ उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button