Azamgarh News: स्पंदन 2025: एनुअल स्पोर्ट्स मीट में शिवालिक आयुर्वेदिक कॉलेज और मां शहजादी देवी नर्सिंग कॉलेज बने विजेता

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के बिजरवां स्थित शिवालिक सेवा ट्रस्ट एवं क्रिश्चियन हॉस्पिटल सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एनुअल स्पोर्ट्स मीट “स्पंदन 2025” के अंतर्गत मंगलवार, 16 दिसंबर 2025 को पुरुष वॉलीबॉल एवं महिला थ्रोबॉल के फाइनल मुकाबले उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। दोनों ही मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया। पुरुष वॉलीबॉल के फाइनल मुकाबले में शिवालिक आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज और मिशन कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी एवं पैरामेडिकल साइंस की टीमों के बीच कड़ा और रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। अंततः शिवालिक आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पैरामेडिकल की टीम को 15–10, 15–11 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं महिला थ्रोबॉल के फाइनल में मां शहजादी देवी मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज और क्रिश्चियन हॉस्पिटल स्कूल ऑफ नर्सिंग के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में मां शहजादी देवी मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज की टीम ने एकतरफा खेल दिखाते हुए क्रिश्चियन हॉस्पिटल स्कूल ऑफ नर्सिंग को 15–3, 15–5 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मुकाबलों में मुख्य अतिथि सीडब्ल्यूसी बेंच के जुवेनाइल मजिस्ट्रेट श्री अखिलेश सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने टॉस उछालकर खेल का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट का वितरण किया। अपने संबोधन में उन्होंने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि मानसिक अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करते हैं, जिससे खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर संस्था के निदेशक डॉ. अशोक कुमार सिंह, ट्रस्टी बीना सिंह एवं मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. शौर्य विक्रम सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और दोनों विजेता टीमों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सभी संस्थानों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिससे पूरा परिसर खेल उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button