Azamgarh News: आसनसोल–गोंडा एक्सप्रेस से कटकर युवक की मौत, इलाके में मचा हड़कंप

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
- आजमगढ़ जनपद के सरायमीर रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे सरायमीर रेलवे क्रॉसिंग के पास आसनसोल–गोंडा एक्सप्रेस की चपेट में आने से देवेश कुमार (पुत्र बहादुर), निवासी कोल्, थाना कोतवाली फूलपुर की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक साइकिल से घटनास्थल पर पहुंचा था और उसकी साइकिल रेलवे ट्रैक के किनारे खड़ी मिली। घटना की सूचना मिलते ही सरायमीर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि घटनास्थल रेलवे आउटर सिग्नल के अंदर स्थित है, जो जीआरपी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इसके बाद मामले की सूचना जीआरपी को दी गई। जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद स्टेशन परिसर और आसपास के इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।



