Azamgarh News: शिवालिक आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में खेल उत्सव का समापन

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
पुरुष वॉलीबॉल एवं महिला थ्रोबॉल फाइनल मुकाबले में दिखा रोमांच, शहजादी देवी मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज बनी विजेता
आजमगढ़ जनपद के बिजरवां स्थित शिवालिक आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में दिनांक 10 दिसंबर 2025 से आयोजित वार्षिक खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन 16 दिसंबर 2025 को पुरुष वॉलीबॉल एवं महिला थ्रोबॉल के फाइनल मुकाबलों के साथ हुआ। फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अखिलेश सिंह (बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट, न्यायपीठ बाल कल्याण समिति, आजमगढ़) का कॉलेज परिसर में आगमन पर मेडिकल कॉलेज के निदेशक श्री अशोक कुमार सिंह द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि श्री अखिलेश सिंह ने फाइनल मुकाबले से पूर्व सिक्का उछालकर (टॉस) जीतने वाली टीम को सर्विस देकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ कराया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला अत्यंत रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें खिलाड़ियों ने खेल कौशल, टीम भावना और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद शहजादी देवी मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज, आजमगढ़ की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। विजेता टीम को मुख्य अतिथि द्वारा टीम कप्तान सहित समस्त खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री अखिलेश सिंह ने सभी प्रतिभागी टीमों के खेल भावना एवं अनुशासित प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि मानसिक, सामाजिक और नैतिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए निदेशक श्री अशोक कुमार सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने संस्थान के विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, खुशहाली और सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रयासरत रहते हैं।कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। खेल प्रतियोगिता के सफल आयोजन से कॉलेज परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।



