आजमगढ़ पुलिस लाइन में खेल महोत्सव का समापन,वॉलीबॉल व बैडमिंटन में दिखा शानदार प्रदर्शन
खेलों से सशक्त पुलिस बल:डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में सफल आयोजन

आजमगढ़, 18 दिसम्बर:रिज़र्व पुलिस लाइन, आजमगढ़ स्थित ग्राउंड में दिनांक 15 दिसम्बर से 18 दिसम्बर 2025 तक आयोजित चार दिवसीय वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का आज उत्साहपूर्ण एवं भव्य वातावरण में सफल समापन हुआ। इस खेल महोत्सव ने पुलिसकर्मियों में जोश, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रस्तुत किया।प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया था। डॉ. अनिल कुमार के कुशल नेतृत्व एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रतियोगिता पूरी तरह सफल रही।दिनांक 18.12.2025 को खेले गए वॉलीबॉल फाइनल मुकाबले में रिज़र्व पुलिस लाइन, आजमगढ़ की टीम ने शानदार सामूहिक प्रदर्शन करते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र की टीम को 3–1 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट अनुशासन, खेल कौशल एवं जुझारूपन का परिचय दिया,मेंस सिंगल फाइनल में विनेश सिंह ने अनीश मौर्या को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।मेंस डबल फाइनल में इन्द्रजीत एवं कमलेश कुमार की जोड़ी ने रवि गुप्ता एवं बजरंगी बली पाल की जोड़ी को हराकर खिताब अपने नाम किया।समापन समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन पुलिसकर्मियों के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।डॉ. अनिल कुमार की दूरदर्शी सोच एवं खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण से पुलिस विभाग में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना और कार्यक्षमता को नई ऊर्जा मिली है।समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर/लाइन शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी सदर श्रीमती आस्था जायसवाल, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



