Azamgarh News: मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कैंप में जा कर आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाने की किया अपील

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के ऐसे समस्त पात्र नागरिक, जिनके नाम सूची के अनुसार चिन्हित हैं तथा जिनके आयुष्मान गोल्डन कार्ड अभी तक नहीं बन पाए हैं, उनके कार्ड बनाए जाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रतिदिन विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। ये कैंप ग्राम पंचायत भवन, विद्यालय अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से अंत्योदय राशन कार्ड, पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक, उत्तर प्रदेश श्रमिक, आयुष्मान प्रधानमंत्री जनआरोग्य पत्र (SECC-2011), मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान पत्र के पात्र लाभार्थियों तथा 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे।कैंपों के सफल संचालन हेतु संबंधित खंड विकास अधिकारी (बीडीओ), चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (एमओआईसी), पंचायत सहायक, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), रोजगार सहायक, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं कोटेदार आपसी समन्वय से कार्य करेंगे। सभी कोटेदार, पंचायत सहायक एवं सीएचओ अपने-अपने क्षेत्र के शेष लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा करेंगे, जिससे आमजन को समय पर जानकारी प्राप्त हो सके। इसके अतिरिक्त आशा, ग्राम सेवक एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र लाभार्थियों को चिन्हित करेंगे तथा उन्हें कैंप में उपस्थित होकर आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाना सुनिश्चित कराएंगे। कैंपों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट बीसीपीएम एवं बीपीएम द्वारा निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से प्रतिदिन प्रेषित की जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने इस कार्य में संलग्न समस्त प्रभारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया है कि वे अन्य विभागों में कार्यरत कर्मियों एवं अधिकारियों से प्रभावी समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाएं।साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी कैंप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर समय रहते अपना आयुष्मान गोल्डन कार्ड अवश्य बनवा लें, जिससे आवश्यकता पड़ने पर निःशुल्क उपचार सुविधा का लाभ प्राप्त किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button