Azamgarh News: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा,आजमगढ़ के तीन लोगों की मौत, सात की हालत गंभीर

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
सुल्तानपुर। घने कोहरे के बीच सोमवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दरपीपुर के पास सुबह करीब 8:20 बजे लखनऊ से आजमगढ़ जा रही तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार तीन लोगों की जान चली गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतकों की पहचान सिकंदर (27), शंभूलाल (55) निवासी तेवखर, सरायमीर, आजमगढ़ और सुरेंद्र (30) निवासी गुड़ियावा, आजमगढ़ के रूप में हुई है। सिकंदर और सुरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शंभूलाल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में सुरेंद्र की पत्नी खुशबू (27), उनकी पुत्री सनाया (6), शंभूलाल की पत्नी मीना देवी (35), पुत्र कोहिनूर (16), पुत्री उजाला (24), कुमारी रोशनी (15) और पुत्र अंश (12) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर ले जाया गया, जहां से उनकी हालत नाजुक देखते हुए अंबेडकरनगर जिला अस्पताल रेफर किया गया।सूचना पर यूपीडा के अधिकारी मौके पर पहुंचे। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोकी नाथ पांडेय ने हादसे की पुष्टि की, जबकि सहायक सुरक्षा अधिकारी राम जगत तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार चालक की लापरवाही हादसे का कारण प्रतीत हो रही है। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से हटाया गया।
जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद मिश्र ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



