Azamgarh News: शोक समाचार: राजकीय वाहनचालक संघ के जिला अध्यक्ष सरवर खाँ का असामयिक निधन

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक सूचना प्राप्त हुई है कि आजमगढ़ जनपद के राजकीय वाहनचालक संघ के जिला अध्यक्ष श्री सरवर खाँ का आज सायं लगभग 4:30 बजे लखनऊ स्थित एच.एस. मल्टी सिटी हॉस्पिटल में उपचार के दौरान असामयिक निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से वाहनचालक संघ सहित पूरे विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह दुखद सूचना मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के वाहन चालक श्री विजय दूबे द्वारा एक विभागीय व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से साझा की गई, जिसके बाद से ही सहकर्मियों, शुभचिंतकों एवं परिचितों में शोक व्याप्त हो गया।
श्री सरवर खाँ अपने जीवन में एक सरल, कर्मठ, मिलनसार एवं सभी के प्रिय व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे। वे हमेशा कर्मचारियों के हितों के लिए तत्पर रहते थे और संघ को मजबूती प्रदान करने में उनका योगदान अविस्मरणीय रहा है। उनके अचानक चले जाने से संघ को अपूरणीय क्षति पहुँची है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।
उनके निधन पर राजकीय वाहनचालक संघ के पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं जिले के विभिन्न विभागों से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा इस अपार दुःख की घड़ी में उनके शोक-संतप्त परिवार को धैर्य, शक्ति एवं संबल प्रदान करें।



