Azamgarh News: मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में आयोजित हुई शोक सभा, वाहन चालक संघ के जिला अध्यक्ष सरवर खाँ को दी गई श्रद्धांजलि

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी, द्वारा जारी सूचना के अनुसार जनपद आजमगढ़ स्वास्थ्य विभाग के वाहन चालक एवं जनपद आजमगढ़ वाहन चालक संघ के जिला अध्यक्ष श्री सरवर खाँ का दिनांक 25 दिसम्बर 2025 को लखनऊ में उपचार के दौरान असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से स्वास्थ्य विभाग सहित समस्त वाहन चालक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई।
दिवंगत श्री सरवर खाँ की स्मृति में आज दिनांक 26 दिसम्बर 2025 को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, आजमगढ़ के सभाकक्ष में शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा की अध्यक्षता मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने की। इस दौरान कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं वाहन चालक संघ के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोक सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय सरवर खाँ को एक कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं सहयोगी व्यक्तित्व के रूप में स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने जनपद वाहन चालक संघ के जिला अध्यक्ष के रूप में सदैव सभी के बीच समन्वय, सौहार्द एवं एकता बनाए रखने का कार्य किया। उनका व्यवहार सरल, मिलनसार और सहयोगपूर्ण था, जिसके कारण वे सभी के बीच सम्मानित रहे। उनके निधन को विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया गया।
दिवंगत के प्रति शोक व्यक्त करते हुए आज के दिन शोक स्वरूप मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय बंद रखा गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोक सभा का वातावरण अत्यंत भावुक एवं गमगीन रहा, जहाँ उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत सरवर खाँ के योगदान को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button