Azamgarh news:दीवार गिराकर ईंट-पत्थर चलाने व जान से मारने की धमकी का आरोप, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
Accused of hurling bricks and stones and threatening to kill, the victim appealed to the SP for justice.

आजमगढ़।निजामाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम हुसामपुर बड़ा गांव की रहने वाली आशा प्रजापति पत्नी कैलाश प्रजापति ने गांव के ही कुछ लोगों पर घर पर चढ़कर हमला करने, दीवार तोड़ने, ईंट-पत्थर चलाने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ को प्रार्थना-पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।पीड़िता आशा प्रजापति का आरोप है कि बृजेश प्रजापति पुत्र शोभनाथ, उनकी पत्नी सर्मिला प्रजापति, प्रकाश प्रजापति पुत्र शोभनाथ, उनकी पत्नी किरण प्रजापति, संतोष कुमार प्रजापति पुत्र शोभनाथ, उनकी पत्नी रीना प्रजापति, घनश्याम प्रजापति पुत्र जगरनाथ, उनकी पत्नी गीता प्रजापति एवं बहू संगीता प्रजापति एकजुट होकर उनके घर पर चढ़ आए। सभी लोगों ने मिलकर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की नीयत से हमला किया।आशा प्रजापति के अनुसार किसी तरह उन्होंने अपने परिवार की जान बचाते हुए घर के अंदर दरवाजा बंद किया। जब हमलावर उन्हें घर के अंदर नहीं पा सके तो उन्होंने गुस्से में घर की दीवारों को तोड़-फोड़ दिया और गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान हमलावरों द्वारा ईंट-पत्थर भी चलाए गए।पीड़िता ने बताया कि स्थिति गंभीर होने पर उन्होंने तत्काल डायल 112 पर कॉल किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। आरोप है कि इसके बावजूद विपक्षीगण रास्ते में आते-जाते समय उन्हें देखकर लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।पीड़िता का यह भी कहना है कि जब वह थाने पर शिकायत दर्ज कराने पहुंचीं तो वहां उनकी कोई सुनवाई नहीं की गई। उन्होंने दावा किया कि जमीन गिराने और धमकी से संबंधित ऑडियो उनके पास मौजूद है, जिसे वह जांच के दौरान उपलब्ध करा सकती हैं।पीड़िता आशा प्रजापति ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उनके प्रार्थना-पत्र का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें और उनके परिवार को न्याय और सुरक्षा मिल सके।



