Azamgarh News: वीर बालक दिवस पर मिशन अस्पताल में संगोष्ठी आयोजित, साहिबजादों के बलिदान को किया गया नमन

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
वीर बालक दिवस पर मिशन अस्पताल में संगोष्ठी आयोजित, साहिबजादों के बलिदान को किया गया नमन
आजमगढ़ जनपद के
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह की अध्यक्षता में वीर बालक दिवस के अवसर पर 27 दिसंबर को मिशन अस्पताल के सभागार में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने कहा कि वीर बालक दिवस भारत में प्रत्येक वर्ष 26 दिसंबर को मनाया जाता है। यह दिन सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों—साहिबजादा जोरावर सिंह (8 वर्ष) एवं साहिबजादा फतेह सिंह (5 वर्ष)—के अद्वितीय और अमर बलिदान की स्मृति में समर्पित है। उन्होंने कहा कि मुगल शासक औरंगजेब के शासनकाल में गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों को पकड़कर मुस्लिम धर्म स्वीकार करने का दबाव बनाया गया, लेकिन इतनी कम उम्र में भी उन्होंने अपने धर्म और सिद्धांतों से समझौता करने से साफ इनकार कर दिया।
सुनील गुप्ता ने कहा कि साहिबजादों को अमानवीय यातनाएं दी गईं और अंततः उन्हें जीवित दीवार में चुनवा दिया गया। उनका यह बलिदान भारतीय इतिहास में अद्वितीय है और यह सिद्ध करता है कि साहस और वीरता उम्र की मोहताज नहीं होती। मात्र 8 और 5 वर्ष की आयु में जिस अदम्य साहस और धर्मनिष्ठा का परिचय साहिबजादों ने दिया, उसका उदाहरण पूरे विश्व में दुर्लभ है। उनका बलिदान सदैव समाज को सत्य, धर्म और आत्मसम्मान के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में श्याम नारायण सिंह, डॉ. अशोक सिंह, प्रेम नारायण पांडेय, हरिंदर सिंह, अशोक सोनकर, अखिलेश मिश्रा उर्फ गुड्डू मिश्रा, राजू सरदार, परमजीत सरदार, विनय प्रकाश गुप्ता, विभाग शेखर सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संगोष्ठी के माध्यम से वीर बालकों के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।



