Azamgarh News: पूजा-पाठ के बहाने महिलाओं से जेवर ठगने वाला शातिर बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के थाना निजामाबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़हरिया में पूजा-पाठ कराने के बहाने महिलाओं से सोने के जेवरात ठगने की घटना में शामिल शातिर ठग कृष्ण मुरारी मिश्रा उर्फ पिंटू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से अवैध असलहा, ठगी के जेवरात, नकदी व एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार बीते 18 दिसंबर को आरोपी ने ग्राम बड़हरिया निवासी महेंद्र मौर्य के घर पूजा-पाठ कराने के बहाने प्रवेश किया और महिलाओं को अनिष्ट व दोष का भय दिखाकर दो झुमका, एक मंगलसूत्र तथा एक जोड़ी बाली ठग ली थी। पीड़ित की तहरीर पर थाना निजामाबाद में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी हुई थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
शनिवार तड़के करीब 5:55 बजे पुलिस को सूचना मिली, जिसके आधार पर घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय में भर्ती कराया गया है।गिरफ्तार आरोपी के पास से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, ठगी का एक मंगलसूत्र, एक लॉकेट, एक जोड़ी झुमका, जेवरात बेचने से प्राप्त 25 हजार रुपये नकद तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह ग्रामीण इलाकों में खुद को साधु या पंडित बताकर महिलाओं को डराता था और पूजा-पाठ के बहाने कीमती जेवरात लेकर फरार हो जाता था। बाद में वह जेवरात बेचकर स्थान बदल लेता था। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button