Azamgarh News: मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले का सीएमओ ने किया निरीक्षण, 77 मेलों में 1220 मरीजों को मिला उपचार

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा द्वारा आज जनपद के लालगंज विकासखंड के व्यवहरा तथा ठेकमा विकासखंड के गोमाडीह स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई। सीएमओ ने स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, मरीजों के पंजीकरण, चिकित्सकीय परामर्श तथा दवा वितरण की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था में और अधिक सुधार तथा उपलब्ध चिकित्सीय उपकरणों को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि 28 दिसंबर 2025 को जनपद में कुल 77 मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेलों का आयोजन किया गया, जिसमें 110 चिकित्सकों एवं 338 पैरामेडिकल कर्मियों द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। मेलों में कुल 1220 मरीजों का पंजीकरण एवं परीक्षण किया गया, जिनमें 572 पुरुष, 519 महिलाएं तथा 129 बच्चे शामिल रहे।मेले के दौरान 35 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए तथा 178 मरीजों की कोविड-19 हेल्प डेस्क पर जांच की गई। रोगवार आंकड़ों में श्वसन रोग के 195, गैस्ट्रो के 256, मधुमेह के 263, त्वचा रोग के 227, उच्च रक्तचाप के 94, टीबी के 10, एनीमिया के 17, यकृत रोग के 69 एवं अन्य बीमारियों के कुल 890 मरीजों को परामर्श एवं उपचार दिया गया।
इसके अतिरिक्त 128 गर्भवती महिलाओं (एएनसी) की जांच की गई तथा 89 कुपोषित बच्चों की पहचान की गई। आवश्यकता के अनुसार 13 मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया गया।सीएमओ डॉ. एन. आर. वर्मा ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले के माध्यम से अधिक से अधिक आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा शासन की मंशा के अनुरूप मेलों का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जाए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button