Azamgarh News: आजमगढ़ महोत्सव में सामाजिक वानिकी प्रभाग की प्रभावी सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद में सामाजिक वानिकी प्रभाग आजमगढ़ द्वारा जनपद में दिनांक 24 से 28 दिसंबर 2025 तक आयोजित आजमगढ़ महोत्सव में भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रमों के बीच सक्रिय रूप से सहभागिता निभाई गई। इस अवसर पर वन विभाग द्वारा लगाए गए स्टाल ने जनमानस का विशेष ध्यान आकर्षित किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
स्टाल के प्रमुख आकर्षण रहे—
वेटलैंड एवं पक्षी संरक्षण: प्रवासी पक्षियों एवं राजकीय पक्षी सारस के संरक्षण हेतु विभाग द्वारा किए गए सफल प्रयासों की जानकारी के साथ आगामी बर्ड फेस्टिवल का विस्तृत विवरण।
वृक्षारोपण जागरूकता: जनमानस में हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के पौधों का विवरण सहित प्रदर्शन।
मानव–वन्यजीव संघर्ष में कमी: स्नेक रेस्क्यू में उपयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों का प्रदर्शन कर आमजन को जागरूक किया गया।
नदी संरक्षण: जनपद से बहने वाली नदियों की जानकारी एवं उनके संरक्षण हेतु उपयोगी सुझाव प्रस्तुत किए गए।
बाल मनोरंजन एवं शिक्षा: कम आयु के बालक-बालिकाओं के लिए विशेष रूप से निर्मित सांप-सीढ़ी खेल के माध्यम से पर्यावरणीय शिक्षा।
कार्यशाला आयोजन: जल एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर जिला विज्ञान समिति के सहयोग से मुख्य मंच पर कार्यशाला का आयोजन।
उक्त सभी गतिविधियों के सफल आयोजन एवं क्रियान्वयन में सामाजिक वानिकी प्रभाग के वनकर्मियों ने विशेष रुचि लेते हुए सराहनीय योगदान दिया, जिसकी उपस्थित जनसमुदाय द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।



