Azamgarh News: मंदुरी हवाई अड्डा के पास सड़क हादसा, बाइक सवार किसान की मौत से मचा कोहराम

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के कंधरापुर थाना अंतर्गत मंदुरी हवाई अड्डा के पास बुधवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वे साधन सहकारी समिति पर धान बेचने के लिए जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कंधरापुर थाना क्षेत्र के धरसन गांव निवासी 60 वर्षीय जय प्रकाश सिंह पेशे से किसान थे। उन्होंने पचखोरा स्थित साधन सहकारी समिति पर धान बिक्री के लिए पहले से नंबर लगवा रखा था। बुधवार की दोपहर वे अपनी बाइक से पचखोरा जा रहे थे। जैसे ही वे मंदुरी हवाई अड्डा के पास सड़क पार कर रहे थे, उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि जय प्रकाश सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार के संबंध में जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को जैसे ही हादसे की खबर मिली, घर में चीत्कार मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी मृतक के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि जय प्रकाश सिंह अपने परिवार के मुख्य सहारा थे, जिससे उनकी असमय मौत से परिवार पर गहरा संकट आ गया है।



