Azamgarh News: नंगे विद्युत तारों से मंडरा रहा मौत का खतरा, पटवध उपकेंद्र से जुड़े पांती गांव में बड़ी दुर्घटना की आशंका

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत विद्युत उपखंड पटवध कौतुक से विद्युत आपूर्ति पाने वाले पांती गांव के पासी टोला में बिजली विभाग की लापरवाही ग्रामीणों की जान पर भारी पड़ सकती है। गांव में लगभग दर्जनों घर ऐसे हैं, जिनकी छतों के ऊपर से 440 वोल्ट का नंगा विद्युत तार गुजर रहा है। हालत यह है कि छत पर चढ़ते ही तार सिर से टच हो जा रहा है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।गांव के अधिकांश घरों में छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग रहते हैं। रोजमर्रा के कामों के लिए छत पर आना-जाना आम बात है, लेकिन नंगे तारों के चलते हर पल जान का खतरा बना रहता है। बरसात के मौसम में यह खतरा और भी बढ़ जाता है। कभी-कभी तो दीवारों में करंट भी उतरने लगते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो किसी भी दिन यह लापरवाही किसी मासूम की जान ले सकती है।
इस गंभीर समस्या को लेकर गांव की करीब 50 महिलाएं और पुरुष एकजुट होकर जनप्रतिनिधियों के पास पहुंचे और उन्हें लिखित पत्रक सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की। ग्रामीणों की पीड़ा को देखते हुए जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग के अवर अभियंता (जेई) एवं एसडीओ तुषार अग्रवाल से इस विषय में वार्ता की।
मामले पर विद्युत विभाग के अवर अभियंता रितेश चौधरी ने बताया कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने आवश्यक सुधार कार्य के लिए इस्टीमेट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दिया है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, जब तक जमीनी स्तर पर तारों को सुरक्षित नहीं किया जाता, तब तक खतरा बना रहेगा।
ग्रामीणों ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि यदि किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। लोगों का कहना है कि विभाग यदि समय रहते कार्रवाई नहीं करता है, तो यह मामला भविष्य में बड़े संकट का कारण बन सकता है।अब सबकी निगाहें बिजली विभाग पर टिकी हैं कि वह इस गंभीर समस्या को कब तक हल करता है। जनहित से जुड़ा यह मुद्दा केवल पांती गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे जिले में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।



