Deoria news, की आत्मा उसके विवाह में बसती है डॉक्टर अरविंद पांडे
भारत की आत्मा उसके युवाओं में बसती है – डॉ. अरविन्द पाण्डेय
देवरिया।
बरहज। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नगर इकाई बरहज द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि, राजनीति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचार प्रमुख डॉ. अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि युवाओं में चेतना, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना भरने का पर्व है। यह दिन महान संन्यासी, विचारक एवं युगपुरुष स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के शब्दों को उद्धृत करते हुए कहा— “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए।” यह वाक्य आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत और जीवन मंत्र के समान है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्रो. दर्शना श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि भारत की आत्मा उसके युवाओं में बसती है। स्वामी विवेकानंद जी ने युवाओं को केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति बताया। उनका संपूर्ण जीवन त्याग, सेवा और आत्मबल का अनुपम उदाहरण है।
विशिष्ट वक्ता प्रो. विनीत कुमार पाण्डेय ने कहा कि युवा शक्ति में अपार सामर्थ्य है। आवश्यकता है सही मार्गदर्शन, सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम की। शिक्षा, खेल, विज्ञान, तकनीक और सेवा जैसे प्रत्येक क्षेत्र में युवा अपनी प्रतिभा के बल पर भारत की सशक्त पहचान बना सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में नगर अध्यक्ष डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने आभार ज्ञापन किया। इस अवसर पर साक्षी विश्वकर्मा, रोमा सहानी, खुशबू सोनकर, शक्ति मद्धेशिया, दिव्यांशु विश्वकर्मा, शैलेश विश्वकर्मा, दीपक यादव, सुग्रीव चौहान सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



