Azamgarh news:मकर संक्रांति की तैयारियां जोरों पर, बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़
Azamgarh News: Preparations for Makar Sankranti in full swing, crowds of buyers throng the markets.

लालगंज(आजमगढ़)। मकर संक्रांति पर्व को लेकर ब्लॉक लालगंज के देवगांव, गोसाईगंज, कंजहित, निहोरगंज और मुहम्मदपुर क्षेत्र के गंभीरपुर, बिंद्रा बाजार, मुहम्मदपुर सहित अन्य प्रमुख बाजारों में रौनक बढ़ गई है। त्योहार की तैयारियां जोरों पर हैं और सभी प्रमुख चौराहों पर अस्थायी दुकानें सज गई हैं।
दुकानों पर तिल के लड्डू, गजक, बादाम पट्टी, लाई, चूड़ा, रेवड़ी, रेवड़ा सहित विभिन्न प्रकार की मिठाइयां उपलब्ध हैं। इसके अलावा लोग नए कपड़े और घरेलू सामान की खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में काफी चहल-पहल देखने को मिल ली।मकर संक्रांति का पर्व प्रतिवर्ष 14 या 15 जनवरी को मनाया जाता है। इस दिन को मकर स्नान के रूप में भी जाना जाता है, जिसमें श्रद्धालु गंगा स्नान कर पुण्य अर्जन करते हैं। जिंदोपुर निवासी पंडित अशोक मिश्रा के अनुसार इस वर्ष मकर संक्रांति 15 जनवरी को मनाई जाएगी। मकर संक्रांति 14 जनवरी की रात्रि 9:19 बजे से प्रारंभ होकर 15 जनवरी को दोपहर 1:19 बजे तक रहेगी। उन्होंने बताया कि सूर्यास्त के बाद संक्रांति लगने पर पर्व अगले दिन मान्य होता है।मकर संक्रांति सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ मनाई जाती है। इसी समय सूर्य उत्तरायण होते हैं और खरमास समाप्त होने के बाद शुभ कार्यों का आरंभ होता है। धार्मिक दृष्टि से यह काल आत्मशुद्धि और पुण्य अर्जन के लिए अत्यंत श्रेष्ठ माना गया है। पर्व के दौरान तिल का विशेष महत्व होता है। तिल का सेवन और दान दोनों शुभ माने जाते हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार यमराज ने तिल को आशीर्वाद दिया था, इसलिए इसे अमरता का प्रतीक भी माना जाता है।व्यापारियों के अनुसार इस वर्ष बाजार में ग्राहकों की अच्छी भीड़ है। दुकानदार किशन गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार ग्राहकों की संख्या कुछ अधिक है। अमित मोदनवाल के अनुसार अधिकांश सामानों के दाम पिछले वर्ष के समान हैं, केवल भेली के दाम में 10 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं मनीष गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष सामान के दामों में कुछ बढ़ोतरी हुई है, जबकि दुकानदारी लगभग पिछले वर्ष के बराबर ही है।



