आजमगढ़ में स्वदेशी संकल्प यात्रा, भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत करने का आह्वान
स्वदेशी संकल्प यात्रा पहुंची बिंद्रा बाजार, ग्रामीणों व व्यापारियों को किया जागरूक

बिंद्रा बाजार (आजमगढ़):स्वदेशी संकल्प यात्रा लखनऊ से प्रारंभ होकर अयोध्या, गोरखपुर होते हुए रविवार को सुबह लगभग 11 बजे आजमगढ़ जनपद के बिंद्रा बाजार पहुंची। यात्रा के आगमन पर बाजारवासियों एवं ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान लोगों को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के प्रति जागरूक करते हुए विशेष जोर दिया गया।
यात्रा के माध्यम से आमजन से अपील की गई कि वे दैनिक उपयोग की वस्तुओं में देश में निर्मित उत्पादों को ही अपनाएं, जैसे—नहाने व कपड़े धोने का साबुन, सौंदर्य प्रसाधन, दंत मंजन, ब्रश, शेविंग क्रीम, ब्लेड, बिस्कुट, चॉकलेट, दूध, चाय, कॉफी, शीतल पेय, शरबत, चटनी, अचार, मुरब्बा, आइसक्रीम, खाद्य तेल, अन्य खाद्य पदार्थ, विद्युत उपकरण, घड़ी, लेखन सामग्री, कंप्यूटर, लैपटॉप, टीवी, जूते-चप्पल, पॉलिश, वस्त्र आदि। स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग से भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।
टीम द्वारा पूरे बाजार में स्लोगनों के साथ झांकियां निकाली गईं, जिसके बाद यात्रा वाराणसी के लिए प्रस्थान कर गई। इस अवसर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश के संयोजक ईश्वर चंद्र ने बताया कि स्वदेशी संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं नगरीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना तथा स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। उन्होंने बताया कि कारवां का लक्ष्य उत्तर प्रदेश के 40 जिलों का भ्रमण करना है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजेश अस्थान पु. म. अध्यक्ष भाजपा,विद्याधर श्रीवास्तव विभाग संयोजक, पूर्व मंडल अध्यक्ष आलोक सिंह पटेल,प्रचार समिति के सदस्य अनुपम श्रीवास्तव (संयोजक, पूर्वी उत्तर प्रदेश), ईश्वर चंद (प्रांत समन्वयक, गोरक्ष प्रांत), चंद्र मोहन सिंह (इटावा), रामकुमार दीक्षित (लखीमपुर खीरी), सुभाष गुप्ता (प्रदेश व्यवसायी), मधुकर श्रीवास्तव (जिला संयोजक, स्वदेशी जागरण मंच), प्रकाश गुप्ता, राजेश अस्थाना, आलोक सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


