Azamgarh encounter:आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़: अंतर्राज्यीय शराब तस्कर घायल, एक गिरफ्तार
Azamgarh police encounter: Inter-state liquor smuggler injured, one arrested

आजमगढ़:गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान थाना जहानागंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस मुठभेड़ में अंतर्राज्यीय अवैध शराब तस्करी करने वाला एक अभियुक्त घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब, हथियार, फर्जी नंबर प्लेट लगी मालवाहक गाड़ी सहित अन्य सामान बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी को थाना जहानागंज पुलिस क्षेत्र में पैदल गश्त एवं सघन वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ शराब तस्कर बिहार नंबर की मालवाहक गाड़ी से अवैध अंग्रेजी शराब लेकर चिरैयाकोट–मऊ मार्ग होते हुए बिहार ले जाने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष जहानागंज अतुल कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साईं ढाबा के पास भुजही मोड़ पर बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ ही देर में जहानागंज की ओर से आ रही संदिग्ध मालवाहक गाड़ी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक बैरियर तोड़ते हुए तेज रफ्तार में चिरैयाकोट की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया। लंगड़ा बाबा मैदान के पास वाहन ईंटों के ढेर में फंसकर रुक गया।
अपने को घिरा देख वाहन में सवार दो अभियुक्तों ने पुलिस को गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी और अवैध तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई नियंत्रित जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा अभियुक्त भागने का प्रयास करते हुए पुलिस की घेराबंदी में गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल अभियुक्त ने अपना नाम कुन्दन कुमार (26 वर्ष) पुत्र हरेन्द्र राय तथा गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना नाम रंजन कुमार (24 वर्ष) पुत्र लल्लन राय बताया। दोनों अभियुक्त ग्राम लोदीपुर चिरान, थाना डोरीगंज, जिला छपरा (बिहार) के निवासी हैं। घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया।पुलिस ने मौके से कुल 60 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (2880 टेट्रा पैक, लगभग 518.4 लीटर), दो अवैध तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी लोडर गाड़ी, मोबाइल फोन, नकद धनराशि तथा वाहन की चाभी बरामद की है।पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि बिहार में शराबबंदी के चलते वे उत्तर प्रदेश से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस से बचने के लिए वे फर्जी नंबर प्लेट और अवैध हथियारों का इस्तेमाल करते थे।इस संबंध में थाना जहानागंज पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन किया गया तथा ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी कराई गई।



