Deoria news, एनएसएस इकाई द्वारा यातायात सुरक्षा पर विविध कार्यक्रम आयोजित
एनएसएस इकाई द्वारा यातायात सुरक्षा पर विविध कार्यक्रम आयोजित।
देवरिया।
स्थानीय बाबा राघवदास भगवानदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय आश्रम बरहज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में यातायात सुरक्षा को लेकर विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षकों एवं छात्र–छात्राओं द्वारा यातायात सुरक्षा की शपथ के साथ हुआ।
इसके उपरांत यातायात सुरक्षा विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें मानसी पाण्डेय ने प्रथम, रेनू चौहान ने द्वितीय तथा सपना निषाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं “सड़क सुरक्षा” विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रिया उपाध्याय को प्रथम, मानसी पाण्डेय को द्वितीय तथा सृष्टि विश्वकर्मा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सभी विजेता प्रतिभागियों को प्राचार्य प्रो. शम्भुनाथ तिवारी, कार्यक्रम अधिकारी प्रो. विनीत पाण्डेय एवं डॉ. वेद प्रकाश सिंह द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. शम्भुनाथ तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि यातायात सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का संकल्प है। आज देश में सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण लापरवाही और नियमों की अनदेखी है। युवा वर्ग यदि स्वयं यातायात नियमों का पालन करे और समाज को जागरूक करे तो दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। एनएसएस जैसे मंच विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में प्रो. सूरज प्रकाश गुप्त, डॉ. आभा मिश्रा, डॉ. अब्दुल हसीब, डॉ. अरविन्द पाण्डेय एवं ब्रजेश यादव उपस्थित रहे। इस दौरान डॉ. धनन्जय तिवारी, डॉ. मंजू यादव, डॉ. कंचन तिवारी सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।



