Deoria news, शत प्रतिशत खिलाई जाए कृमि नाशक दवा सीएमओ

शत प्रतिशत खिलाई जाए कृमि नाशक दवा: सीएमओ
देवरिया।
सीएमओ कार्यालय के धन्वंतरि सभागार में गुरुवार मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अनिल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में नगरीय ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक की गईं। बैठक में सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस विभाग और शिक्षा विभाग के सहयोग 10 फरवरी को चलने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) अभियान व बच्चों के टीकाकरण एमआर अभियान की सफलता को लेकर निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शत प्रतिशत बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलाई जाए।

सीएमओ डॉ गुप्ता ने कहा कि 10 फरवरी को एनडीडी का आयोजन होगा। जिसके तहत एक से 19 साल आयु के सभी बच्चों को कृमि नाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि एनडीडी साल में एक बार आयोजित होता है। एक से छह साल तक की आयु के सभी पंजीकृत, गैर पंजीकृत बच्चों तथा छह से 19 वर्ष तक के स्कूल न जाने वाले बच्चों, ईंट भट्टों पर कार्य करने वाले श्रमिक एवं घुमंतू लाभार्थियों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से दवा खिलाई जाएगी। छह से 19 वर्ष तक के सभी छात्र-छात्राओं को सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, प्राइवेट स्कूलों, मदरसों में शिक्षकों के माध्यम से एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। एक से दो साल के बच्चों को एल्बेंडाजोल की 400 मिलीग्राम की आधी गोली तथा दो से 19 वर्ष के बच्चों को 400 मिलीग्राम की पूरी गोली खिलाई जानी है। गोली को चबाकर अथवा पीसकर पानी के साथ खिलाना है। दवा खाली पेट नहीं खानी है और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या शिक्षक के सामने ही खानी है बाद में खाने के लिए नहीं देनी है। जो बच्चे किसी कारण वश दवा खाने से रह जाते हैं उन्हें 13 फरवरी तक माप अप राउंड के तहत दवा खिलाई जाएगी। कृमि संक्रमण से कई लक्षण उत्पन्न हो सकते हैं जैसे दस्त पेट में दर्द कमजोरी उल्टी और भूख ना लगना, बच्चों में कीड़े की मात्रा जितनी अधिक होगी लक्षण उतने ही अधिक होंगे। हल्के संक्रमण वाले बच्चों में आमतौर पर कोई लक्षण नहीं दिखते हैं। एमआर टीकाकरण अभियान से सम्बंधित उन्होंने कहा कि 16 से 27 फरवरी तक समस्त सरकारी व निजी विद्यालय में कक्षा एक से कक्षा पांच तक के सभी बच्चों को एमआर वैक्सीन का टीकाकरण किया जाएगा।
बैठक में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एसके सिन्हा, अरबन नोडल अधिकारी डॉ आरपी यादव, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, एआरओ राकेश चंद, डीएचईओ एलबी चौधरी, सीफार के जिला प्रतिनिधि नीरज, जेएसआई के जिला प्रतिनिधि अभिनय कुशवाहा सहित स्टॉफ नर्स, एएनएम मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button