Azamgarh News: मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला के अंतर्गत दो प्राथमिक स्वास्थ्य77 केन्द्रों का सीएमओ ने किया निरीक्षण

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद में मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा द्वारा विकासखंड बिलरियागंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जमींफरेंदा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बनकट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों स्वास्थ्य केन्द्रों पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। चिकित्सकीय एवं सहायक स्टाफ की उपस्थिति निर्धारित मानकों के अनुरूप रही तथा दवाओं के भंडारण एवं रख-रखाव की स्थिति भी सुचारु पाई गई।
मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला के अंतर्गत जनपद में कुल 77 स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया, जिनमें 82 चिकित्सक एवं 265 पैरामेडिकल कर्मियों द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं। इन मेलों के माध्यम से कुल 2605 मरीजों का पंजीकरण किया गया, जिनमें 1180 पुरुष, 1136 महिलाएं एवं 289 बच्चे शामिल रहे। सभी मरीजों को निःशुल्क पंजीकरण, जांच, उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
रिपोर्ट के अनुसार, मेलों के दौरान 278 मधुमेह, 262 गैस्ट्रो, 242 श्वसन रोग, 246 त्वचा रोग, 120 उच्च रक्तचाप, 52 यकृत रोग, 37 एनीमिया तथा 9 क्षय रोग के मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। साथ ही 117 कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
कोविड-19 हेल्प डेस्क पर 231 मरीजों की जांच की गई, जबकि गंभीर अवस्था वाले 7 मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए संदर्भित किया गया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बनकट में तैनात एनएमए हिमांशु सिंह अनुपस्थित पाए गए, जिस पर मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं तथा भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न करने की सख्त चेतावनी दी गई है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला शासन की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य आमजन को उनके निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र पर सुलभ, निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



