Azamgarh News:संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की हुई मौत।
kee huee maut. Married woman dies.

अतरौलिया/आजमगढ़:अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में शनिवार देर शाम 25 वर्षीय विवाहिता अंकिता सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।जहानागंज थाना क्षेत्र के बोहना गांव निवासी संतोष सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री अंकिता सिंह की शादी वर्ष 2023 में अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी आनंद प्रकाश से की थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर अंकिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था,इस मामले को लेकर दोनों पक्षों में कई बार पारिवारिक स्तर पर सुलह-समझौता भी हुआ, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह अंकिता ने फोन कर दहेज प्रताड़ना की जानकारी दी थी।इसके कुछ घंटों बाद शाम को उसके ससुर दानबहादुर ने फोन कर अंकिता की अचानक मौत की सूचना दी।मायके पक्ष के लोगों का कहना है कि जब वे मौके पर पहुंचे तो अंकिता का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा था और उसका चेहरा काला पड़ा हुआ था, जिससे उनकी शंका और गहरा गई।इस संबंध में अतरौलिया थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दूबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।



