आजमगढ़ पुलिस का एक्शन मोड:ATM ठगी करने वाला शातिर बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
Azamgarh Police in action mode: ATM fraudster arrested in encounter

आजमगढ़ जिले में जब से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कार्यभार संभाला है, तब से अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी और कठोर कार्रवाई देखने को मिल रही है। इसी क्रम में थाना गम्भीरपुर पुलिस ने ATM ठगी, चोरी व लूट में संलिप्त एक अंतर्जनपदीय अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 जनवरी 2026 को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, शाखा रानीपुर रजमो( बिंद्रा बाजार) के शाखा प्रबंधक द्वारा थाना गम्भीरपुर में तहरीर दी गई थी। शिकायत में बताया गया कि 4 जनवरी 2026 को एक खाताधारक द्वारा ATM से ₹20,000 की निकासी विफल होने की सूचना दी गई थी। जांच के दौरान ATM मशीन में कोई अतिरिक्त नकदी नहीं पाई गई। बाद में CCTV फुटेज के सूक्ष्म अवलोकन से यह स्पष्ट हुआ कि अज्ञात अभियुक्त द्वारा ATM के कैश डिस्पेंसर में अवैध कैश टैपिंग/स्कीमिंग डिवाइस लगाकर नकदी को मशीन के मुहाने पर फंसा दिया गया था, जिसे बाद में निकाल लिया गया।मामले में थाना गम्भीरपुर पर मु0अ0सं0 26/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 2 फरवरी 2026 की सुबह थाना गम्भीरपुर पुलिस संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग कर रही थी।इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ATM ठगी, चोरी व लूट की घटनाओं में संलिप्त अभियुक्त अर्टिगा कार से ठेकमा बाजार होते हुए आजमगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रोहुआ मुस्तफाबाद के पास घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई नियंत्रित जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई।घायल अभियुक्त को सुबह लगभग 3:45 बजे पुलिस हिरासत में लेकर उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय कुमार पुत्र मेवालाल, निवासी ग्राम पौधन रामपुर, थाना अखण्डनगर, जनपद सुल्तानपुर (उम्र लगभग 33 वर्ष) के रूप में हुई है।अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस (.315 बोर), एक अर्टिगा कार (UP 44 BR 0699), ATM कैश टैपिंग उपकरण, तीन ATM कार्ड, एक मोबाइल फोन तथा ₹2530 नकद बरामद किए गए हैं।पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विभिन्न जनपदों में ATM मशीनों को निशाना बनाता था। कैश डिस्पेंसर में प्लास्टिक स्ट्रिप लगाकर नकदी को बाहर आने से रोक दिया जाता था और बाद में स्ट्रिप हटाकर फंसी हुई राशि निकाल ली जाती थी। इस तरीके से वह पूर्व में भी कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है।गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध बस्ती, लखनऊ, जौनपुर, अम्बेडकर नगर सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, ठगी, जालसाजी, आईटी एक्ट व आर्म्स एक्ट के 13 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 30/2026 धारा 109 बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत नया अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।मौके पर फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई भी की जा रही है।पुलिस प्रशासन का कहना है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख़्ती से जारी रहेगा, जिससे आम जनता में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हो सके।



