Azamgarh News:राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत आजमगढ़ मंडल में महिलाओं की जनसुनवाई
Azamgarh News:Public Hearing of Women in Azamgarh Division under the National Commission for Women's 'Apke Dwar' (At Your Doorstep) Programme.
राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत आजमगढ़ मंडल में महिलाओं की जनसुनवाई

रिपोर्ट चन्द्रेश यादव
आजमगढ़, 02 जनवरी — कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत माननीय राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ममता कुमारी द्वारा आजमगढ़ मंडल के तीनों जनपद—आजमगढ़, मऊ एवं बलिया—से आई महिलाओं की जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

माननीय सदस्य श्रीमती ममता कुमारी ने कहा कि भारत सरकार महिलाओं से संबंधित योजनाओं में महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने निर्देश दिए कि महिलाओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुरक्षा प्रदान की जाए तथा उन्हें शिक्षित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे समाज में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस विभाग किसी भी स्थिति में महिलाओं को शाम के समय थाने पर न बुलाए। यदि किसी प्रकरण में पुलिस अधिकारियों को महिला के घर जाना आवश्यक हो, तो महिला पुलिसकर्मी के साथ संबंधित ग्राम प्रधान अथवा किसी जिम्मेदार व्यक्ति को भी साथ ले जाएं।

माननीय सदस्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश से महिलाओं से संबंधित अनेक प्रकरण आयोग के समक्ष आते हैं, जो यह दर्शाता है कि महिलाएं अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रही हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि महिलाओं को न्याय के लिए आयोग अथवा दिल्ली तक न जाना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर ही त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जाए। महिलाओं से संबंधित मामलों की नियमित सुनवाई करते हुए उन्हें उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं की समुचित जानकारी दी जाए। आवश्यकता पड़ने पर महिलाओं को मानसिक परामर्श उपलब्ध कराया जाए तथा परामर्शदात्री को उनके घर भेजकर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।

माननीय सदस्य ने मंडल के तीनों जनपदों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कर आयोग को अवगत कराया जाए। उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा महिलाओं से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, महिलाओं से संबंधित मामलों में माननीय न्यायालय द्वारा पारित आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने एवं न्यायालय द्वारा स्वीकृत मुआवजा एवं सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
माननीय सदस्य ने प्रदेश एवं देश को बाल विवाह मुक्त बनाने हेतु समाज की सक्रिय सहभागिता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नाबालिग बालिकाओं की शादी तय होने की स्थिति में भी उसे रोका जाए तथा पीपीटी के माध्यम से 18 वर्ष से कम आयु में विवाह एवं मातृत्व से होने वाली समस्याओं एवं बीमारियों के बारे में जागरूक किया जाए। उन्होंने बालिकाओं को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति भी जागरूक करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक से पूर्व माननीय सदस्य द्वारा जिला कारागार आजमगढ़ का निरीक्षण किया गया। उन्होंने महिला बंदियों को साक्षर बनाने एवं कक्षा 8 से 10 तक शिक्षित महिलाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए, जिससे वे रिहाई के पश्चात आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने जेल में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं डिस्पोज़ल मशीन लगाए जाने के निर्देश भी दिए। उप मुख्य चिकित्साधिकारी को एक सप्ताह के भीतर निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक से पूर्व माननीय सदस्य द्वारा दीप प्रज्वलन कर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न थानों से संबंधित प्रकरणों को सुनते हुए पुलिस एवं संबंधित विभागों को संयुक्त टीम गठित कर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार ने आश्वासन दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी निर्देशों एवं महिलाओं से संबंधित शिकायतों का संबंधित अधिकारियों के माध्यम से शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक से पूर्व जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा माननीय सदस्य का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत हस्ताक्षर अभियान के अंतर्गत माननीय सदस्य, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा हस्ताक्षर भी किए गए।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, एसीएमओ, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



