Deoria news, आम बजट 202627 के विरोध में सलेमपुर में प्रदर्शन गांधी चौक पर बजट की प्र तिया जलाई गई
आम बजट 2026-27 के विरोध में सलेमपुर में प्रदर्शन, गांधी चौक पर बजट प्रतियां जलाई गईं।
देवरिया।
सलेमपुर ।आज दिनांक 3 फरवरी 2026 को राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन तथा किसान सभा के संयुक्त आह्वान पर आम बजट 2026-27 के विरोध में सलेमपुर के गांधी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बजट की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम का नेतृत्व खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के जिला मंत्री राम निवास यादव और किसान सभा के जिला मंत्री प्रेमचंद यादव ने किया। संबोधन में राम निवास यादव ने कहा कि यह बजट गरीबों और मेहनतकशों का नहीं, बल्कि देश के कुछ बड़े उद्योगपतियों—अडानी, अंबानी और चंद अन्य पूंजीपतियों—के हित में बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में शिक्षा के आवंटन में कटौती की गई है, डिफेंस बजट घटाया गया है तथा महिला योजनाओं और उच्च शिक्षा के बजट में भी कमी की गई है।
किसान सभा के जिला मंत्री प्रेमचंद यादव ने कहा कि यह बजट पूरी तरह किसान विरोधी है। किसानों के उपक्रमों और बीज सब्सिडी में कटौती कर दी गई है, जिससे किसानों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उन्होंने बजट को जनविरोधी बताते हुए कहा कि बजट पेश होते ही देश के शेयर बाजार में निवेशकों को एक ही दिन में करीब 9 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जो सरकार की आर्थिक नीतियों की विफलता को दर्शाता है।
इस संयुक्त प्रदर्शन में रामनिवास यादव, प्रेमचंद यादव, बलिंदर मौर्य, संजय कुमार गोंड, राजेश कुमार गोंड, बलबीर यादव, संजय गुप्ता और सुनील गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन वक्ताओं ने सरकार से बजट में जनहितकारी संशोधन की मांग की।



