Azamgarh News: आजमगढ़ पुस्तक एवं पर्यावरण मेला-2026 के दूसरे दिन “बाल विवाह मुक्त भारत” को लेकर मेगा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ सामाजिक वानिकी प्रभाग एवं जिला पर्यावरण समिति द्वारा आयोजित “आजमगढ़ पुस्तक एवं पर्यावरण मेला–2026” के दूसरे दिन जनजागरूकता का एक प्रभावशाली कार्यक्रम देखने को मिला। जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, आजमगढ़ की ओर से “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजनांतर्गत “बाल विवाह मुक्त भारत” थीम पर दिनांक 03 फरवरी 2026 को हरिऔध कला केंद्र, आजमगढ़ में भव्य जनजागरूकता अभियान/मेगा इवेंट का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सगड़ी विधानसभा की पूर्व विधायिका श्रीमती वंदना सिंह रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए इसके उन्मूलन का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक गायन एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बाल विवाह और बाल अपराध जैसे गंभीर विषयों पर सशक्त संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने समाज को सोचने और जागरूक होने का स्पष्ट संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती वंदना सिंह, मुख्य कोषाधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, नोडल मेडिकल ऑफिसर श्रीमती रश्मि सिन्हा एवं महिला पुलिस उपनिरीक्षक श्रीमती अंकिता शुक्ला द्वारा सामूहिक रूप से “बाल विवाह मुक्त भारत” शपथ ली गई। साथ ही बाल विवाह मुक्त भारत हस्ताक्षर अभियान के अंतर्गत हस्ताक्षर कर समाज को इस दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय की ओर से समस्त अतिथियों को बुके, पुस्तक, मोमेंटो एवं “बाल विवाह मुक्त भारत” शपथ-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, विभिन्न विद्यालयों से उपस्थित प्रतिभागी बालिकाओं को अभियान से संबंधित टोपी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम ने बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य को लेकर समाज में एक सकारात्मक संदेश दिया और “बाल विवाह मुक्त भारत” की दिशा में मजबूत कदम साबित होगा।



