Azamgarh News: मेहनगर तहसील के तहसीलदार के खिलाफ किसान मोर्चा के पदाधिकरियो ने मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम उप जिलाधिकारी के माध्यम से दिया ज्ञापन*

आजमगढ़ जिले की मेहनगर तहसील में तैनात तहसीलदार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अशोक सिंह ने तहसीलदार नवीन निश्चल त्रिपाठी के खिलाफ शिकायत करते हुए कहा कि तहसील में कार्यप्रणाली पारदर्शी नहीं है और बिना धन लिए कोई भी कार्य नहीं किया जा रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में बिना पर्याप्त साक्ष्य और पक्षों को सुने ही मुकदमों का निस्तारण कर दिया गया है। साथ ही, कई मामलों को अनुपस्थित दिखाकर खारिज कर दिया गया, जिससे आम जनता को न्याय मिलने में कठिनाई हो रही है। अशोक सिंह ने मांग की है कि तहसीलदार के कार्यों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा उन्हें उनके मूल पद नायब तहसीलदार पर वापस भेजा जाए।इसके अतिरिक्त, उन्होंने आरोप लगाया कि वरासत के मामलों में भी विधिक वारिसों को वंचित कर निर्णय लिए जा रहे हैं।अशोक सिंह ने यह भी कहा कि मेहनगर तहसील से संबंधित बंदोबस्ती नक्शा (चकबंदी फाइनल) रिकॉर्ड रूम से गायब है। उनका आरोप है कि कुछ लोग और वर्तमान लेखपाल भरत मिश्रा की भूमिका संदिग्ध है। साथ ही, अप्रमाणित नक्शे के आधार पर ग्राम पंचायत स्तर पर सीमांकन के नाम पर अवैध धन उगाही और लोगों को परेशान किए जाने की बात भी सामने आई है।उन्होंने सरकार से मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, बंदोबस्ती नक्शा (चकबंदी फाइनल) को पुनः तैयार कर अभिलेखागार में सुरक्षित रखा जाए और उसे ऑनलाइन भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।



