Azamgarh News: वैवाहिक, दुर्घटना दावा व वाणिज्यिक विवादों का होगा सुलह से निस्तारण

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ 03 जनवरी– माननीय उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा मीडियेशन एवं कन्सीलियेशन प्रोजेक्ट कमेटी, सर्वोच्च न्यायालय के तत्वाधान में सम्पूर्ण राष्ट्र में दिनांक 01 जनवरी, 2026 से राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान-2.0 चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पक्षकारों द्वारा आपसी सुलह-समझौते के आधार पर न्यायालयों में लम्बित वादों का अधिकाधिक संख्या में त्वरित निस्तारण करना है।इसी क्रम में आज सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नितिका राजन द्वारा ए0डी0आर0 भवन, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कक्ष में राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 2.0 को सफल बनाने के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में संचालित मध्यस्थता केन्द्र में नियुक्त अधिवक्ता मध्यस्थों के साथ बैठक का आयोजन किया गया एवं मध्यस्थगण को निर्देशित किया गया कि वे मध्यस्थता केन्द्र में सुलह-समझौता हेतु प्राप्त होने वाले वादों में पक्षकारों के साथ सुलह वार्ता करते हुये अधिकाधिक संख्या में सुलह समझौता के माध्यम से वादों को निस्तारित करवाने का प्रयास करें।राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 2.0 के अन्तर्गत- वैवाहिक विवाद के मामले, दुर्घटना दावे के मामले, घरेलू हिंसा के मामले, चेक बाउन्स के मामले, वाणिज्यिक विवाद के मामले, सेवा विवाद के मामले, शमनीय अपराध के मामले, उपभोक्ता विवाद के मामले, ऋण वसूली के मामले, सम्पत्ति के बंटवारे से सम्बन्धित मामले, बेदखली से सम्बन्धित मामले, भूमि अधिग्रहण के मामले इसके अतिरिक्त अन्य उपयुक्त दीवानी मामलों को मध्यस्थता केन्द्र में सुलह समझौता के माध्यम से निस्तारित कराया जायेगा।



