Mau news:विद्यालय एसएमसी पदाधिकारियो, शिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न
घोसी। मऊ।मझवारा मोड़ स्थित जूनियर हाईस्कूल के परिसर में शुक्रवार को विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में विभाग की नई नई जानकारियों से सभी को अपडेट रहने तथा उसी के अनुसार कार्य करने का निर्देश दिया गया।
प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए खण्डशिक्षाअधिकारी घोसी धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि विद्यालय प्रबंध समिति विद्यालय के विकास में मील का पत्थर साबित हुई है। समस्त विद्यालयों में प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह के बुधवार को इसकी बैठक कर विद्यालय की कार्ययोजना तैयार की जाती है। इसके साथ ही साथ विभाग के नवीन आदेशों निर्देशों से सभी अवगत होते रहते हैं। इन आदेशों के अनुसार ही विद्यालय का कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जाता है। विद्यालय प्रबंध समिति में विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अभिभावकों को की सदस्य एवं पदाधिकारी बनाये जाने का प्रावधान है जिससे अपने बच्चों के शैक्षणिक एवं समस्त प्रकार की गतिविधियों की जानकारी परिवार को प्राप्त होती रहे। प्रति माह होने वाली बैठक में अभिभावक अपने बच्चे की घर पर होने वाली प्रगति तथा गुरुजन विद्यालय में होने वाली प्रगति को एकसाथ साझा करते हैं। इससे बच्चे के सर्वांगीण विकास में काफी सहूलियत मिलती है।इस सहभागिता के कारण विद्यालय संचालन का काम भी काफी प्रभावी ढंग से किया जा रहा है। उन्होंने शासन एवं विभाग के दिशा निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की अपील की।
इस अवसर पर राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने अपने विद्यालय पर होने वाली विद्यालय प्रबंध समिति की गतिविधियों को साझा करते हुये कहा कि कार्यक्रमों में सबको जोड़कर चलने से आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त होता है। एसएमसी की बैठक में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अपने बात रखने के लिये प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इससे नई नई जानकारी प्राप्त हो सकती है।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक रामप्रभाव सिंह, दयाशंकर यादव, सुदर्शन कुमार,रामकेर यादव, राजेश यादव, अमीरुद्दीन अंसारी सहित अजित राय, अभिषेक सिंह, ओमप्रकाश चौहान आदि के साथ एसएमसी के पदाधिकारी, सदस्य उपस्थित रहे।



