Azamgarh News: रात में सूने घर को बनाया निशाना, कुंडी काटकर नकदी व जेवर चोरी

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सेठारी रोड पर 5–6 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर की गली में लगे दरवाजे की कुंडी तोड़कर भीतर प्रवेश किया और दो कमरों के तालों को तोड़ने का प्रयास किया। ताले नहीं टूटने पर चोरों ने आरी ब्लेड से कुंडी काटकर चोरी कर ली।
चोरी के समय पूरा परिवार मुबारकपुर में एक शादी समारोह में गया हुआ था। प्राप्त जानकारी के अनुसार रमाकांत ठठेरा पुत्र स्वर्गीय प्रभु नाथ ठठेरा सेठारी बाजार में काफी समय से मकान बनाकर रहते हैं। उनकी पत्नी का पूर्व में निधन हो चुका है। उनके दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी रीना ठठेरा अपने पति राधेश्याम ठठेरा के साथ रमाकांत की देखभाल के लिए साथ रहती है।
बताया गया कि रमाकांत के ससुराल मुबारकपुर में 5 फरवरी को शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए पूरा परिवार घर में ताला बंद कर चला गया था। अगले दिन जब परिवार वापस लौटा तो देखा कि घर के गलियारे में लगे दरवाजे की कुंडी टूटी हुई है और घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा है। इससे घर में चोरी होने की जानकारी हुई।
परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना बिलरियागंज थाने पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। रमाकांत ठठेरा की बेटी और दामाद ने पुलिस को बताया कि चोर लगभग 10 ग्राम की सोने की चेन, करीब 3 ग्राम की एक अंगूठी, घर में रखे लगभग 27 हजार रुपये नकद तथा तीन गुल्लकों में रखे करीब 10 से 12 हजार रुपये उठा ले गए। हालांकि घर में रखे बर्तन और अन्य सामान सुरक्षित मिले हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button