Azamgarh news:बरदह थाना परिसर में छात्रों को किया गया जागरूक, ‘स्टूडेंट पुलिस एक्सपिरिएंटियल लर्निंग’ कार्यक्रम की दी गई जानकारी
Azamgarh News: Students were made aware of the 'Student Police Experiential Learning' program at the Bardah police station premises.

ठेकमा आजमगढ़ :
आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना परिसर में थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में छात्र–छात्राओं को जागरूक करने हेतु एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्नातक स्तर के छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित स्टूडेंट पुलिस एक्सपिरिएंटियल लर्निंग (SPEL) कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।बताया गया कि वर्ष 2023 से यह कार्यक्रम देश के सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में पुलिस विभाग के सहयोग से संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था से प्रत्यक्ष रूप से जोड़कर अनुभवात्मक शिक्षण प्रदान करना है।कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को पुलिस थाने एवं अन्य पुलिस प्रतिष्ठानों में 30 दिवसीय इंटर्नशिप के माध्यम से कानून एवं आपराधिक प्रक्रिया, आपराधिक अनुसंधान, यातायात नियंत्रण, साइबर अपराध, मानव तस्करी तथा कानून व्यवस्था जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे छात्रों के संज्ञानात्मक कौशल एवं लोक कौशल में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल छात्रों के भविष्य के लिए उपयोगी है, बल्कि इससे पुलिस और युवाओं के बीच विश्वास एवं सकारात्मक संवाद भी स्थापित होगा। प्रशिक्षित छात्र आगे चलकर पुलिस के युवा मित्र, सकारात्मक संदेशवाहक एवं ब्रांड एम्बेसडर की भूमिका निभा सकते हैं।कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि अनुभवात्मक शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थी वास्तविक सामाजिक एवं प्रशासनिक चुनौतियों को समझ सकेंगे, जिससे वे भविष्य में पुलिस सेवा को करियर विकल्प के रूप में भी अपना सकते हैं।इस अवसर पर पुलिसकर्मियों के साथ-साथ शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएं मौजूद रहे।



