Azamgarh accident:तेज रफ्तार कार की टक्कर से 11 वर्षीय साइकिल सवार बालिका की मौत, चालक फरार
Azamgarh accident: 11-year-old cyclist dies after being hit by a speeding car, driver absconding

आजमगढ़ जिले के मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के तरवां मार्ग पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार 11 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई।मृतका की पहचान चकेरा परिसिनिया गांव निवासी रिया कनौजिया (11) पुत्री के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रिया दोपहर में किसी काम से साइकिल द्वारा मेंहनाजपुर बाजार जा रही थी। जैसे ही वह मेंहनाजपुर थाने से लगभग 50 मीटर की दूरी पर पहुंची, तभी तरवां की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रिया साइकिल सहित काफी दूर जा गिरी।हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में बालिका को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। बालिका की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। आक्रोशित ग्रामीण थाने पहुंचकर फरार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है और फरार वाहन व चालक की तलाश की जा रही है।



