Azamgarh News: फर्जी तथ्यों के आधार पर कराया गया अनुमोदन, जिला विद्यालय निरीक्षक ने आदेश किया निरस्त

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद में श्री देवानन्द संस्कृत उच्च माध्यमिक विद्यालय दानशनिचरा, रामगढ़ (वित्तविहीन मान्यता प्राप्त) में प्रधानाचार्या/शिक्षकों के अनुमोदन को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। जिला विद्यालय निरीक्षक, आजमगढ़ ने कार्यालय से निर्गत आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा जारी पत्र के अनुसार, आज दिनांक 09 फरवरी 2026 को कार्यालय के पत्रांक 13486-89/2025-26 के माध्यम से विद्यालय में कार्यरत रिकी यादव, प्रियका एवं अल्का त्रिपाठी के अनुमोदन का आदेश जारी किया गया था। यह आदेश संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ मण्डल कार्यालय में कार्यरत प्रधान सहायक श्री विधि चन्द यादव द्वारा कूटरचित तथ्यों एवं तथ्यगोपन के माध्यम से निर्गत कराया गया।
पत्र में उल्लेख है कि प्रधान सहायक द्वारा यह बताया गया कि संबंधित विद्यालय वित्तविहीन मान्यता प्राप्त है, जबकि वास्तविक तथ्यों को छिपाते हुए अद्योहस्ताक्षरी को गुमराह कर पत्रावली पर हस्ताक्षर करा लिए गए। जब इस गंभीर अनियमितता का संज्ञान जिला विद्यालय निरीक्षक को हुआ तो तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त पत्र को निरस्त/अपास्त कर दिया गया।
इस प्रकरण के सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर हड़कंप मच गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।



