आजमगढ़ जिला कारागार आजमगढ़ की महिला बैरक का निरीक्षण, साफ-सफाई व पोषण व्यवस्था पर दिए गए निर्देश
Inspection of women's barrack of District Jail Azamgarh, instructions given on cleanliness and nutrition system

आजमगढ़ 09 फरवरी- उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ व मा0 जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आज सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती नितिका राजन द्वारा जिला कारागार, आजमगढ़ में स्थित महिला बैरक का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई औसतन पायी गयी। कुछ महिला बन्दियों द्वारा बताया गया कि महिला बैरक में पर्याप्त सफाई न होने के कारण मच्छरों की समस्या बढ़ गयी है। इस सम्बन्ध में सचिव द्वारा जेल अधिकारीगण को निर्देशित किया गया कि कारागार परिसर में नियमित साफ-सफाई व मच्छरों के निवारण हेतु समय-समय पर दवा का छिडकाव कराना सुनिश्चित करें। जेल निरीक्षण के दौरान कारागार में निरूद्ध महिला बन्दियों के साथ रह रहे बच्चों हेतु दूध, फल तथा पौष्टिक आहार की पर्याप्त व्यवस्था नहीं पायी गयी। इस सम्बन्ध में सचिव द्वारा जेल अधिकारीगण को निर्देशित किया गया कि वे महिला बन्दियों के साथ रह रहे बच्चों हेतु पौष्टिक आहार, दूध तथा फल मात्रा के अनुसार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान जेल में निरूद्ध महिला बन्दी पार्वती पत्नी सुरेश, अ0सं0 13/24, थाना रानी की सराय, सरिता पत्नी सत्यदेव अ0सं0 319/2024, थाना पवई, धनेश्वरी पत्नी श्रीराम, अ0सं0 244/2024, थाना निजामाबाद, राबडी देवी पत्नी इन्द्रपाल चौहान, अ0सं0 403/2025, थाना रौनापार द्वारा बतायी गयी समस्याओं को सुना गया तथा समस्याओं के निराकरण हेतु जेल अधिकारीगण को उचित दिशा-निर्देश जारी किया गया। सचिव द्वारा जिला कारागार परिसर में स्थित बाल बैरक का निरीक्षण किया गया। बाल बैरक में निरूद्ध बच्चों से अधिवक्ता के सम्बन्ध में पूछा गया तो प्रिन्स सिंह द्वारा बताया गया कि उनके मुकदमें की पैरवी हेतु अधिवक्ता नामित है, परन्तु मुकदमें की अद्यतन स्थिति के सम्बन्ध में जानकारी नहीं है। इस सम्बन्ध में लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल को उचित कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। जेल में विधिक साक्षरता व जागरूकता शिविर के माध्यम से बन्दियों द्वारा बतायी गयी समस्याओं को सुना गया तथा समस्याओं के निराकरण हेतु लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।इस मौके पर जेलर अनिल सिंह, डिप्टी जेलर गौरव सिंह, डिप्टी जेलर अजय कुमार, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल श्री प्रवीण कुमार सिंह, असिस्टेन्ट लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल अतुल कुमार राय तथा जेल के पराविधिक स्वयं सेवक उपस्थित रहे।



