Azamgarh News: आजमगढ़ में एसजेपीयू व एएचटी की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न बाल अधिकार, महिला सुरक्षा व पोक्सो मामलों पर दिया गया विशेष जोर

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
जनपद आजमगढ़ में विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) एवं थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक सोमवार को पुलिस लाइन्स स्थित सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में किया गया। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने की, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात)/नोडल अधिकारी थाना एएचटी/एसजेपीयू के पर्यवेक्षण में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
बैठक में बाल अधिकारों की सुरक्षा, महिला सुरक्षा, किशोर न्याय अधिनियम-2015, पोक्सो अधिनियम तथा बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों को कार्य के दौरान आने वाली व्यवहारिक समस्याओं पर मार्गदर्शन देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर पोक्सो मामलों की सूचना 24 घंटे के भीतर बाल कल्याण समिति (CWC) को भेजने, नाबालिग को किसी भी स्थिति में लॉकअप में न रखने, महिला/पीड़िता को सूर्यास्त के बाद थाने पर न रोककर वन स्टॉप सेंटर में रखने, बाल श्रम से मुक्त कराए गए बच्चों को सीडब्लूसी के समक्ष प्रस्तुत करने तथा पीड़ित या बाल अपचारी की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत उपस्थित सभी अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ली।
अंत में क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी, संवेदनशील एवं कानूनसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



