Jabalpur news:अवैध देशी बम के साथ हिस्ट्रीशीटर बदमाश अंशु मलिक गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
History-sheeter Anshu Malik arrested with illegal country-made bomb, sent to jail by police

जबलपुर पुलिस ने रक्षक नगर कॉलोनी में आतंक का पर्याय बने एक शातिर अपराधी को अवैध देशी बमों के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए बदमाश की पहचान अंशु मलिक के रूप में हुई है, जो इलाके में अपनी गैंग के साथ सक्रिय था और लोगों में दहशत फैलाता था।
सूचना पर पुलिस की घेराबंदी
थाना प्रभारी उमेश गोलहानी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंशु मलिक अपने पास ‘सुअर मार’ देशी बम रखे हुए है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने या इलाके में आतंक फैलाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। पुलिस टीम को देखते ही अपराधी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे दबोच लिया।
चौथा अपराध दर्ज, आरोपी गया जेल
पुलिस के अनुसार, अंशु मलिक के खिलाफ पहले से ही तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसके कब्जे से अवैध देशी बम बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उसके विरुद्ध विस्फोटक पदार्थ अधिनियम (Explosive Substances Act) की धारा 5 के तहत नया मामला दर्ज किया है।आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



