आजमगढ़ में जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन, डीएम ने किया उद्घाटन
विज्ञान प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं की रचनात्मकता और तकनीकी सोच का शानदार प्रदर्शन

आजमगढ़ 11 फरवरी– विज्ञान एवं प्रौद्यागिकी विभाग, उ0प्र0 के तत्वाधान में पीएम राजकीय बालिका विद्यालय आजमगढ़ में आयोजित जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार द्वारा उद्घाटन किया गया। जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा-9 से 12 तक के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए मॉडलों का बारीकी से निरीक्षण कर बच्चों से उनके मॉडल के बारे में जानकारी ली गयी तथा बच्चों को प्रोत्साहित भी किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि आज की विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में प्रैक्टिकल लाइफ के डिफिकल्टी को कैसे दूर किया जाए, उस पर बेस्ड कई सारे मॉडल्स देखे गये हैं। इसके साथ ही उन्होने छात्र-छात्राओं द्वारा बनाये गये विज्ञान मॉडलों की दिनचर्या में उपयोग के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए उनकी प्रशंसा भी किया। उन्होने कहा कि यहां पर चयनित विज्ञान मॉडल के छात्रों को जनपद स्तर पर आयोजित होने वाली उद्योग बन्धु की बैठक में आमंत्रित किया जाए और ये बच्चे अपने-अपने जो यूजफुल मॉडल है, उसके बारे में बताएंगे। हो सकता है कोई उद्यमी इनके मॉडल को प्रैक्टिकल लाइफ में कन्वर्ट करना चाहे। उन्होने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में डिग्री कालेज के छात्र-छात्राओं को भी आमंत्रित कर विज्ञान मॉडल के बारे में जानकारी दी जाए।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में शामिल समस्त विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी ने बहुत ही अच्छे-अच्छे विज्ञान मॉडल बनाये हैं, आगे और भी अच्छा मॉडल बनाने का प्रयास करें।इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा प्रथम स्थान अखण्ड प्रताप सिंह, पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय जीयनपुर (मॉडल-आर्टिफिशिलय इन्टेलिजेन्स ऐप न्याय सेतु), द्वितीय स्थान आदर्श यादव, पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय आजमगढ़ (मॉडल-स्मार्ट डस्टबिन), तृतीय स्थान हिमांशु, वैष्णव दास हरिहर इण्टर कालेज (मॉडल-स्मार्ट सिक्योरिटी सिस्टम) तथा सांत्वना पुरस्कार अंकित यादव एवं मो0 यूनुस, रफी मेमोरियल इंग्लिश स्कूल (मॉडल-स्मार्ट व्हीलचेयर) तथा शेषनाथ शर्मा एवं लवकुश कुमार, श्री शंकर जी इण्टर कालेज गहजी (मॉडल-स्मार्ट सेन्सर युक्त पंखा, जिसमें लटकने पर सायरन बजने लगेगा एवं पंखा स्वतः बन्द हो जायेगा) को मोमेण्टो देकर सम्मानित किया गया।विज्ञान मॉडलों का मूल्यांकन तकनीकी मूल्यांकन समिति राजकीय पालिटेक्निक, आजमगढ़ के प्रवक्तागण श्री प्रीतकमल सिंह, डॉ0 प्रशान्त मौर्य, शिवम सिंह एवं इं० कुलभूषण सिंह द्वारा किया गया। जनपद स्तर पर चयनित प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को क्रमशः रू0 5000, रू0 3000, एवं रू0 2000 तथा दो सांत्वना पुरस्कार प्रत्येक को 1000 रू0 प्रदान किया गया।जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक इं0 कुलभूषण सिंह ने बताया कि मण्डल के प्रत्येक जनपद स्तर पर 15 चयनित मॉडलों को मण्डल स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना है। मण्डल स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में 05 चयनित विज्ञान मॉडलों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय को क्रमशः 10000, 7000, 5000 तथा दो सांत्वना पुरस्कार प्रत्येक को 2000 दिये जायेंगे। मण्डल स्तर पर चयनित 05 विज्ञान मॉडलों को राज्य स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराया जायेगा। राज्य स्तर पर चयनित 05 विज्ञान मॉडल को प्रथम, द्वितीय, तृतीय को क्रमशः 50000, 40000, 30000 तथा दो सांत्वना पुरस्कार प्रत्येक को 5000 दिये जायेंगे।जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय जीयनपुर, श्री वैष्णव हरिहरपुर इण्टर कालेज शेरपुर कुटी, पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय आजमगढ़, रफी मेमोरियल इंग्लिश स्कूल, अग्रसेन कन्या इण्टर कालेज आजमगढ़, अशरफिया इण्टर कालेज, डीएवी इंटर कॉलेज, श्री शंकर जी इण्टर कालेज गहजी, जनता इण्टर कालेज खुटौली, निस्वा गर्ल्स इंटर कॉलेज, रामकृष्ण विद्या मंदिर इण्टर कालेज पटवध, राजकीय बालिका इण्टर कालेज आजमगढ़ आदि विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया गया।कार्यक्रम में संयुक्त शिक्षा निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक विरेन्द्र प्रताप सिंह, प्रधानाचार्य जीजीआईसी आजमगढ़ रूबी खातून, भूपेश सिंह प्रवक्ता इण्टर कालेज खरिहानी आदि उपस्थित रहे।



