Azamgarh News: 14–15 फरवरी को आज़मगढ़ में सरदार पटेल इंटर-स्टेट वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026, खेल से स्टार्टअप तक विकास की नई पहल

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आज़मगढ़, जनपद के पार्क डिलाइट रेस्टोरेंट में बृहस्पतिवार को दिन में 12:00 बजे एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इसका मुख्य मकसद था सामाजिक संस्था IDEA and Startup Purv द्वारा 14 एवं 15 फरवरी 2026 को “सरदार पटेल इंटर-स्टेट वॉलीबॉल टूर्नामेंट-2026” का आयोजन किया जाना। प्रतियोगिता का आयोजन केशव विद्यापीठ इंटर कॉलेज परिसर, मऊकुतुबपुर, सगड़ी (आज़मगढ़) में होगा। इस बात की जानकारी संस्था के निदेशक डॉक्टर ओमकार राय ने प्रेस वार्ता के दौरान सारी जानकारी दी जिसमें उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं के समग्र विकास की एक दीर्घकालिक और चरणबद्ध पहल का शुभारंभ है। संस्था की योजना गांव-गांव खेल संस्कृति विकसित करने, स्थानीय स्तर पर स्पोर्ट्स क्लब स्थापित करने तथा प्रतिभाशाली युवाओं को संगठित मंच प्रदान करने की है। आगे चलकर इन्हीं युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, स्टार्टअप जागरूकता एवं उद्यमिता कार्यक्रमों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगार सृजक बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
संस्था का विजन स्पष्ट है—खेल से क्लब, क्लब से स्किल और स्किल से स्टार्टअप/उद्यमिता तक एक सतत विकास श्रृंखला विकसित कर क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करना। इसी क्रम में आज़मगढ़ जनपद के हरैया एवं अज़मतगढ़ ब्लॉकों को प्रारंभिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां चरणबद्ध रूप से खेल, स्किलिंग और स्टार्टअप गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
आकर्षक पुरस्कार राशि
टूर्नामेंट में विजेता टीम को ₹51,000, उपविजेता को ₹31,000 तथा “मैन ऑफ द सीरीज़” को ₹10,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त बेस्ट लिबेरो, बेस्ट सेटर एवं बेस्ट अटैकर को ₹5,000-₹5,000 का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश सहित बिहार, पंजाब एवं अन्य राज्यों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। आयोजन समिति का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन से स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी, रोजगार एवं नवाचार के अवसर उत्पन्न होंगे और आज़मगढ़ क्षेत्र एक उभरते हुए स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित हो सकेगा। पूर्वांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खेल, कौशल विकास, नवाचार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाने हेतु कार्यरत एक विकासोन्मुखी संस्था है। संगठन युवाओं को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए दीर्घकालिक कार्यक्रम संचालित करता है।
डॉ. ओंकार राय: तकनीकी नेतृत्व और नीति निर्माण का सशक्त चेहरा
डॉ. ओंकार राय भारत के अग्रणी प्रौद्योगिकीविद्, नीति-निर्माता एवं प्रशासनिक नेतृत्वकर्ताओं में से एक हैं। उन्होंने भारत के आईटी एवं सॉफ्टवेयर उत्पाद पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण और विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। तीन दशकों से अधिक के अनुभव के साथ वे स्टार्टअप, डिजिटल नवाचार, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और संस्थागत नेतृत्व के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखते हैं।वे भारत सरकार के अधीन सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के महानिदेशक (2010–2021), स्टार्टअप ओडिशा के कार्यकारी अध्यक्ष (2022–2024) तथा विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) के विकास आयुक्त (2008–2011) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। उन्हें व्यापक रूप से “भारत को सॉफ्टवेयर उत्पाद राष्ट्र बनाने के प्रमुख सूत्रधारों में से एक” माना जाता है।
डॉ. राय ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में सक्रिय भूमिका निभाने से लेकर विज्ञान भारती, महामना मालवीय मिशन एवं अन्य राष्ट्रीय संगठनों में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। वे विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी संस्थानों की गवर्निंग काउंसिल और बोर्ड में भी सदस्य रहे हैं।
लेखन एवं सम्मान
स्टार्टअप नीति, डिजिटल परिवर्तन और टेक्नोलॉजी आधारित विकास पर उनके 27 से अधिक लेख The Hindu Business Line, Financial Express, Times of India सहित कई प्रतिष्ठित प्रकाशनों में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्हें ओडिशा स्टेट बिज़नेस लीडरशिप अवार्ड-2024, डिजिटल आइकन अवार्ड-2019 सहित अनेक सम्मानों से अलंकृत किया जा चुका है। वे काशी हिंदू विश्वविद्यालय से सांख्यिकी में पीएचडी (1991) हैं।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के खेलप्रेमियों एवं युवाओं से अधिकाधिक सहभागिता की अपील की है, ताकि यह पहल आज़मगढ़ और पूर्वांचल में खेल, कौशल और उद्यमिता के नए अध्याय की शुरुआत साबित हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button